किशुन तलैया के पास शराब बेचने को लेकर विवाद में दो पक्ष भिड़े, चाकू-डंडे चले; तीन घायल, एक जबलपुर रेफर
दमोह। देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत किशन तलैया में सोमवार को शराब बेचने और तखत रखने के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से चाकू और डंडे चल गए। घटना में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के सम्बन्ध में जिला अस्पताल प्रबंधक डॉ सुरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि नवीन अहिरवाल (35) की हालत गंभीर होने पर उसे आज सोमवार शाम 4 बजे जबलपुर रेफर कर दिया है। वहीं विशाल अहिरवाल (20) और दीपक मुंडा (24) भी चाकू लगने से घायल हुए हैं।
घायलों के परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पर विवाद हुआ। उनका कहना है कि ज्योति मुंडा के परिजन 15-20 लोगों के साथ पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। परिजनों ने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करते हुए मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Damoh, Damoh | Jun 29, 2026