पिहानी में प्रधान के घर घुसा मगरमच्छ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
हरदोई। पिहानी क्षेत्र के अलावलपुर गांव के रसूलपुर मजरे में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ गांव में पहुंचकर ग्राम प्रधान के घर में घुस गया। आहट सुनकर जागे परिवार के लोगों की नजर मगरमच्छ पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए।
घर में मगरमच्छ घुसने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। डिप्टी रेंजर सुशील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनरक्षक राहुल कुमार, उदय सिंह, होरीलाल और कुलदीप समेत वनकर्मियों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को गोमती नदी में सुरक्षित छोड़ दिया। गनीमत रही कि मगरमच्छ के घर में घुसने के बावजूद परिवार के किसी सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण गोमती नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ नदी से निकलकर पानी के बहाव के साथ गांव तक पहुंचा और इसके बाद प्रधान के घर में घुस गया।
Bilgram, Hardoi | Sep 29, 2026