जिला जज, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया निरीक्षण
हरदोई। जिला जज रीता कौशिक, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अस्पताल और विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया।
जिला जज ने कारागार अस्पताल में भर्ती बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा बैरकों में साफ-सफाई, पेयजल, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कारागार में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने तथा बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवनाथ पांडेय, जेल अधीक्षक अमन प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 29, 2026