बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डीएम राहुल पाण्डेय ने किया निरीक्षण, राहत कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सोमवार को तहसील सवायजपुर एवं बिलग्राम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनता इंटर कॉलेज तेरा परसौली स्थित बाढ़ चौकी तथा थाना अरवल क्षेत्र के कुसुमखोर पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, जलस्तर, आवागमन और राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
डीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन प्रभावित लोगों के साथ है। बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कराकर पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रभावित लोगों की अन्य आवश्यक जरूरतों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जरूरत के अनुसार प्रभावित लोगों को खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान संबंधित उप जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 28, 2026