150 विद्यालयों के बच्चों तक पहुंचेगा ‘ज्ञान का पिटारा’, सीडीओ ने वाहनों को दिखाई हरी झंडी
हरदोई। एजुकेट गर्ल्स फाउंडेशन की ओर से जनपद के चयनित 150 प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को शिक्षण-अधिगम सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत प्रत्येक चयनित विद्यालय को एक ‘ज्ञान का पिटारा’ बॉक्स दिया जाएगा। सोमवार को विकास भवन, हरदोई से टीएलएम सामग्री लेकर जा रहे दो वाहनों को मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
फाउंडेशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी मानवेन्द्र मिश्र ने बताया कि प्रत्येक ‘ज्ञान का पिटारा’ में हिंदी, अंग्रेजी और गणित की कुल 180 वर्कबुक उपलब्ध कराई गई हैं। इन वर्कबुक के माध्यम से बच्चे नियमित अभ्यास करेंगे। अभ्यास आधारित गतिविधियों से बच्चों को विषयों को रुचि के साथ समझने, सीखी गई बातों को व्यवहार में प्रयोग करने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि चयनित विद्यालयों के दो-दो शिक्षकों तथा प्रत्येक विकासखंड के नोडल एआरपी को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। शहर स्थित स्टेटस क्लब एवं अवस्थी लॉन में आयोजित प्रशिक्षण में शिक्षकों को टीएलएम और वर्कबुक के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जा रही है। साथ ही बच्चों की रुचि एवं प्रतिभा की पहचान कर उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के तरीकों के बारे में बताया जा रहा है।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी श्री प्रभाकर सिंह तथा फाउंडेशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी मानवेन्द्र मिश्र सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 28, 2026