#Balrampur ! दुर्गा पूजा पंडालों में अग्निशमन व सीसीटीवी के कड़े निर्देश, ड्रोन और सोशल मीडिया सेल रखेगी पैनी नजर
बलरामपुर (दिनांक: 12 अक्टूबर 2026):
शारदीय नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री मार्तण्ड प्रकाश सिंह तथा अपर जिलाधिकारी शिवनारायण सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ थाना पचपेड़वा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र के माँ दुर्गा प्रतिमा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
आमजन से संवाद और शांति की अपील
पचपेड़वा कस्बे में फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। उनकी समस्याएं सुनकर व्यवस्था में सुधार हेतु सुझाव लिए गए। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही, माहौल खराब करने वाले अराजक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।
पंडालों में सुरक्षा के सख्त निर्देश
पूजा पंडालों के भ्रमण के दौरान व्यवस्थापकों के साथ वार्ता कर अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए पानी से भरे ड्रम/बाल्टी तथा बालू रखने के निर्देश दिए गए। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत पंडालों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाने की हिदायत दी गई।
ड्रोन, सीसीटीवी और साइबर सेल से होगी निगरानी
त्योहार के दौरान महत्वपूर्ण स्थलों पर सादे कपड़ों में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। मेले और जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरे तथा सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें और भड़काऊ टिप्पणी फैलाने वालों पर साइबर सेल द्वारा निरंतर पैनी नजर रखी जा रही है।
इस फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, उपजिलाधिकारी तुलसीपुर, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर तथा प्रभारी निरीक्षक पचपेड़वा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
#balrampurpolice