सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के कोसांदा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुर गिरफ्तार,दहेज प्रताड़ना का आरोप
रोहतास के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के कोसांदा गांव में 25 वर्षीय विवाहिता पूजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पूजा, छोटान शाह की पत्नी थीं। रविवार सुबह करीब छह बजे उनका शव घर में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही विक्रमगंज डीएसपी सिंधु शेखर सिंह मौके पर पहुंचे। उनके साथ एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की।
मृतका के चचेरा भाई बजरंगी शाह ने बताया कि घटना रात करीब एक बजे की है। उन्होंने पूजा की गर्दन पर निशान होने की बात कही है। कल्याणी निवासी पूजा की चाची सुनीता देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। उनका कहना है कि बेटे के जन्मदिन पर मृतका के पिता ने सोने का लॉकेट दिया था, जबकि ससुराल पक्ष की ओर से मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग की जा रही थी।
परिजनों का आरोप है कि बाहर रहकर काम करने वाला पूजा का पति फोन पर उसे धमकी देता था। कल्याणी गांव निवासी रविन्द्र की पुत्री पूजा की शादी 2023-24 में कोसांदा निवासी सुरेंद्र शाह के बेटे छोटान शाह से हुई थी। उसका एक बेटा है और घटना से दो दिन पहले ही बेटे का जन्मदिन मनाया गया था।
परिजनों ने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में पूजा की बड़ी बहन चंदा देवी की भी इसी तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। चंदा देवी रविंद्र शाह की बड़ी बेटी थीं और यह घटना भोजपुर जिले के कोईल गांव में हुई थी। परिजनों के अनुसार, इस मामले की सुनवाई अभी अदालत में चल रही है।
सूर्यपुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के ससुर सुरेंद्र शाह को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा।