समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय ,
प्रेस विज्ञप्ति 1964,
दिनांक 24/11/2026,
==================
गिट्टी की आड़ में शराब की बड़ी खेप की तस्करी का पर्दाफाश, दालकोला चेकपोस्ट पर 768.600 लीटर विदेशी शराब बरामद; ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार:-
जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी सफलता, गिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से 87 पेटी विदेशी शराब जब्त।
जिला पदाधिकारी,पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण,भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, पूर्णिया द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं समेकित जांच चौकियों पर सघन वाहन जांच और निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 24/11/2026 की सुबह समेकित जांच चौकी, दालकोला पर गुप्त सूचना एवं संदेह के आधार पर गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को रोककर सघन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदी गिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
शराब को इस प्रकार छिपाया गया था कि सामान्य जांच में वह आसानी से नजर नहीं आए।
वाहन की सघन जांच में कुल 87 पेटियों में रखी 768.600 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब *Royal Mansion Gold Whisky* ब्रांड की है।
शराब की तस्करी में प्रयुक्त ट्रैक्टर (रजिस्ट्रेशन संख्या BR 11 GG 35181) मय ट्रॉली को भी जब्त कर लिया गया है।
मौके से ट्रैक्टर चालक मुकेश कुमार, पिता– रामानंद यादव, निवासी– भरराही, वार्ड संख्या-05, थाना– सदर, जिला– सहरसा को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शराब तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध शराब के निर्माण, भंडारण,परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
#cmsamrat
#samratchoudhary
Purnia, Bihar | Nov 24, 2026