रामपुर महोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में कवियों ने बांधा समां
रामपुर (बाराबंकी)। जहांगीराबाद स्थित बाबा रमता राम चतुर्भुजी महाराज की पावन तपोस्थली रामपुर धाम में आयोजित रामपुर महोत्सव में गुरुवार को श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। मेले परिसर में दिनभर खूब चहल-पहल रही। झूलों और विभिन्न दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने श्री रमता राम चतुर्भुज महाराज के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की
महोत्सव में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी लेखन प्रतिभा और रचनात्मक सोच का परिचय दिया। वहीं, दि चिल्ड्रेंस ट्री प्री स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं
रामपुर धाम की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्री रमता राम को अंजोरी (अनाज) और कद्दू का प्रसाद चढ़ाने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अनाज और कद्दू अर्पित कर बाबा रमता राम चतुर्भुज महाराज से सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण आशीष सिंह आनंद के संयोजन में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन रहा। देश के विभिन्न जनपदों से आए कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। हास्य और व्यंग्य की रचनाओं ने जहां श्रोताओं को खूब गुदगुदाया, वहीं वीर रस की ओजस्वी कविताओं ने लोगों में जोश और उत्साह का संचार किया। कवि सम्मेलन में लखीमपुर खीरी से इन्द्रपाल वर्मा, प्रयागराज से कुमार विकास, सीतापुर से संदीप अनुरागी, लखनऊ से अतुल बाजपेयी तथा बाराबंकी से ओम शर्मा 'ओम' ने प्रभावशाली काव्यपाठ किया
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय अधिवक्ता श्रवण सिंह, जिला प्रचारक रवि प्रकाश निराला एवं सिद्धांत पटेल उपस्थित रहे। कवि सम्मेलन का कुशल संचालन प्रेम विश्वकर्मा ने किया
कौन-कौन गया था रामपुर महोत्सव में? कमेंट में बताएं 👇
फॉलो करना ना भूलें - Barabanki Updates
#Barabanki #BarabankiUpdates #RampurMahotsav #Jahangirabad #BarabankiNews
Nawabganj, Barabanki | Nov 26, 2026