भागलपुर, दिनांक – 10 सितंबर 2026 राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देशानुसार भागलपुर जिले में राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NP-NCD) के अंतर्गत “जाँच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार अभियान” का व्यापक स्तर पर संचालन किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों में गैर-संचारी रोगों (NCD) की समय पर पहचान, आवश्यक जाँच, उपचार एवं फॉलो-अप सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के साथ-साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इस दौरान विशेष रूप से उच्च रक्तचाप (Hypertension), मधुमेह (Diabetes) तथा मुंह, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (Cervical) कैंसर की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
घर-घर पहुँचकर हो रही स्वास्थ्य जाँच
स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आशा (ASHA), एएनएम (ANM) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के सहयोग से 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों को चिह्नित कर उनकी स्वास्थ्य जाँच की जा रही है। स्क्रीनिंग के दौरान रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जाँच के साथ-साथ कैंसर के संभावित लक्षणों की भी पहचान की जा रही है।
मुंह के कैंसर की स्क्रीनिंग के दौरान तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़े जोखिम कारकों तथा मुंह में लंबे समय से बने घाव, सफेद या लाल धब्बे अथवा अन्य संदिग्ध लक्षणों की जाँच की जा रही है। वहीं, महिलाओं में स्तन कैंसर की पहचान के लिए आवश्यक क्लिनिकल परीक्षण तथा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार स्क्रीनिंग की जा रही है।
संदिग्ध मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी आगे की चिकित्सा सुविधा
स्क्रीनिंग के दौरान किसी व्यक्ति में बीमारी अथवा कैंसर के संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर उसे संबंधित उच्च स्वास्थ्य संस्थान में निःशुल्क जाँच एवं आवश्यक उपचार के लिए रेफर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्क्रीनिंग के बाद संदिग्ध मरीजों का समय पर निदान, उपचार एवं फॉलो-अप हो तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।
बचाव एवं जागरूकता पर भी विशेष जोर
अभियान के दौरान लोगों को गैर-संचारी रोगों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके तहत नियमित स्वास्थ्य जाँच, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, तंबाकू एवं शराब से परहेज तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम लोगों से अपील की गई है कि 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु का प्रत्येक व्यक्ति नियमित NCD स्क्रीनिंग अवश्य कराए। प्रारंभिक अवस्था में बीमारी की पहचान होने से समय पर उपचार शुरू किया जा सकता है तथा गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव है।
जिला स्वास्थ्य विभाग का संदेश
जिला स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि “जाँच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार अभियान” का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल अस्पतालों तक सीमित न रखकर उन्हें समुदाय एवं प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना है। अभियान के माध्यम से गैर-संचारी रोगों के साथ-साथ कैंसर की शुरुआती पहचान को भी प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि संभावित मरीजों को समय पर उचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
“30 वर्ष की उम्र के बाद नियमित जाँच कराएँ—बीमारी को बढ़ने से पहले पहचानें और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएँ।”
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar
Bihar Health Department
Bhagalpur, Bihar | Sep 10, 2026