भागलपुर, 06 अगस्त 2026, प्रभारी पदाधिकारी, वन स्टॉप सेंटर एवं वरीय उपसमाहर्ता डॉ. मीनाक्षी द्वारा गुरुवार को वन स्टॉप सेंटर, मायागंज, भागलपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों तथा महिलाओं को प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में डॉ. मीनाक्षी ने महिला हेल्पलाइन-181 के संचालन, शिकायत प्राप्त होने के उपरांत अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली तथा पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने घरेलू हिंसा से पीड़ित एक महिला से संवाद कर उसकी समस्याओं को सुना तथा केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी ली।
उन्होंने केंद्र प्रशासक श्रीमती मोना कुमारी के साथ पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग, पुनर्वास, कानूनी सहायता एवं अन्य उपलब्ध सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. मीनाक्षी ने केंद्र के सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने प्रत्येक मामले में पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक, जेंडर स्पेशलिस्ट एवं वन स्टॉप सेंटर के सभी कर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के अंत में डॉ. मीनाक्षी ने केंद्र की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा महिलाओं को त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का निर्देश दिया।
JEEVIKA Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Bhagalpur District Administration
16 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 6, 2026