भागलपुर, 06 अगस्त 2026: जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन (वेजफेड) तथा कॉम्फेड से संबंधित योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में सब्जी प्रसंस्करण इकाइयों तथा दुग्ध उत्पादों के रिटेल आउटलेट की स्थापना के लिए आधारभूत संरचना विकसित करने हेतु आवश्यक भूमि की उपलब्धता एवं अन्य तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से सब्जी प्रसंस्करण एवं दुग्ध उत्पादों के विपणन से संबंधित आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास कर रही है। इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए समय पर उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि वेजफेड द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों, जिनमें नाथनगर, जगदीशपुर, सुल्तानगंज, गौराडीह सहित अन्य प्रखंड शामिल हैं, में सब्जी प्रसंस्करण से संबंधित आधारभूत संरचना का निर्माण प्रस्तावित है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय मानकों के अनुरूप उपयुक्त सरकारी भूमि का शीघ्र चिन्हीकरण कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी विलंब के प्रारंभ किया जा सके।
बैठक में नाथनगर अंचल से संबंधित भूमि की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि उपलब्ध कराई गई भूमि विभागीय मापदंडों के अनुरूप नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने नाथनगर के अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि विभागीय मानकों के अनुरूप वैकल्पिक एवं उपयुक्त भूमि का शीघ्र चयन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराएं, जिससे परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक के दौरान कॉम्फेड द्वारा जिले में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के रिटेल आउटलेट की स्थापना के लिए भी उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि कॉम्फेड की योजनाओं का लाभ आम उपभोक्ताओं एवं दुग्ध उत्पादकों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जा सके।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि उपलब्धता से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा विभागीय समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करें। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के किसानों, सब्जी उत्पादकों एवं दुग्ध उत्पादकों को अपनी उपज के बेहतर भंडारण, प्रसंस्करण एवं विपणन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं वेजफेड तथा कॉम्फेड के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
JEEVIKA Bihar
Madhepura District Administration
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Bhagalpur Police
Banka District Administration
Bhagalpur District Administration
5 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 6, 2026