मसूरी झील के पास 10 मीटर गहरी खाई में गिरा पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर, पेड़ों में अटकने से टला बड़ा हादसा
पांच परिवारों के 20 पर्यटक थे सवार, स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान; एक महिला को आई हल्की चोट
मसूरी घूमने आ रहे पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर गुरुवार शाम मसूरी झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के निकट अनियंत्रित होकर करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन खाई में नीचे पेड़ों के बीच अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वाहन में पांच परिवारों के 20 पर्यटक सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में एक महिला को हल्की चोटें आई हैं।जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम को टेंपो ट्रैवलरहरिद्वार से पर्यटकों को लेकर मसूरी आ रहा था। जैसे ही वाहन मसूरी झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के निकट पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पैरापिट तोड़ते हुए करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन नीचे पेड़ों में अटक गया।
स्थानीय निवासी संजय चौहान, घीरज थापली के अनुसार सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में टेंपो ट्रैवलर का पहिया सड़क के किनारे की ओर चला गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन खाई में गिर गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया गया। उन्होने बताया कि यदि टेंपो ट्रैवलर खाई में नीचे तक चला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वाहन का पेड़ों में अटक जाना यात्रियों के लिए राहत की बात रही। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मसूरी कोतवाल नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि वाहन में गुजरात के रहने वाले पांच परिवारों के 20 पर्यटक सवार थे, जो वर्तमान में मुंबई में निवास करते हैं। हादसे में सखी पटेल (45) को हल्की चोटें आई हैं। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कुछ यात्रियों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #Landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Nov 12, 2026