पौड़ी के पैरामेडिकल संस्थान में दीपोत्सव की धूम, रंगोलियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
पौड़ी। गढ़वाल पैरामेडिकल विज्ञान संस्थान, पौड़ी में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान का परिसर रंगों और रोशनी से जगमगा उठा। छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां सजाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया, वहीं मनमोहक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तरा केयर चिकित्सालय की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. करिश्मा सकलाना उपस्थित रहीं। वहीं चिकित्सालय के सूचना प्रौद्योगिकी अधिकारी प्रशांत नेगी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। डॉ. सकलाना ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में संस्थान के अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द की झलक देखने को मिली।
Pauri, Garhwal | Nov 5, 2026