अपडेट न्यूज बिहार की खबर का बड़ा असर,पुलिस प्रक्षेत्रीय व्यवस्था के पुनर्गठन को मिली मंजूरी, निचले स्तर के पुलिसकर्मियों पर कसेगी नकेल
अपडेट न्यूज बिहार द्वारा लगातार प्रमुखता से चलाई जा रही खबरों और मांगों का बड़ा असर अब देखने को मिला है। बिहार सरकार के गृह विभाग ने राज्य में पुलिस की प्रक्षेत्रीय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक नियंत्रण को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार के अपर सचिव कुन्दन कुमार द्वारा महालेखाकार को भेजे गए पत्र के अनुसार, प्रक्षेत्रीय कार्यालयों के लिए 04 पदों को स्थानांतरित करने और विभिन्न कोटि के कुल 20 नए पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस नए ढांचे से वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी बढ़ेगी, जिससे निचले स्तर के पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर नकेल कसी जा सकेगी और आम जनता के प्रति उनकी जवाबदेही तय होगी।
गृह विभाग के आदेश के तहत राज्य के चार पुलिस प्रक्षेत्रों पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर का पुनर्गठन किया गया है। इस निर्णय के तहत पुलिस महानिरीक्षक के पदों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। केन्द्रीय क्षेत्र पटना, तिरहुत क्षेत्र मुजफ्फरपुर और मिथिला क्षेत्र दरभंगा के पुलिस महानिरीक्षक पदों को अब क्रमशः पटना, मुजफ्फरपुर और दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के रूप में अधिसूचित किया गया है। वहीं, पूर्णियाँ क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक पद को भागलपुर प्रक्षेत्र के रूप में स्थानांतरित किया गया है, जबकि मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक का पदनाम अब पुलिस उप-महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गयाजी के रूप में अधिसूचित करने की स्वीकृति दी गई है।
प्रक्षेत्रीय कार्यालयों में पर्यवेक्षण और नियंत्रण को मजबूत करने के लिए पूर्व से सृजित वरीय पुलिस उपाधीक्षक के कुल 04 पदों को भी स्थानांतरित किया गया है, जिनमें से 03 पद गृह विभाग और 01 पद पुलिस मुख्यालय से लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, कार्यालयों के सुचारू क्रियान्वयन के लिए 20 नए पदों का सृजन किया गया है। इनमें पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णियाँ रेंज के लिए पुलिस उप-महानिरीक्षक के 04 पद शामिल हैं। साथ ही पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर प्रक्षेत्रीय कार्यालयों के लिए पुलिस अधीक्षक स्टाफ ऑफिसर कोटि के 04 पद और अवर सचिव के 04 पद प्रत्येक कार्यालय में एक-एक स्वीकृत किए गए हैं।
इस पुनर्गठन में बेगूसराय रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय को भी विशेष रूप से सुदृढ़ किया गया है, जिसके लिए प्रशाखा पदाधिकारी का 01 पद, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के 03 पद, उच्च वर्गीय लिपिक के 02 पद और निम्नवर्गीय लिपिक के 02 पद सृजित किए गए हैं। जानकारों का मानना है कि रेंज और जोन स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों और स्टाफ की पर्याप्त तैनाती होने से थानों और निचले स्तर के पुलिसकर्मियों की मनमानी पर रोक लगेगी तथा राज्य की कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
Bihar, India | Nov 10, 2026