सहयोग शिविर में पहुंचीं डीएम, 30 दिनों में आवेदनों के निष्पादन का निर्देश
जहानाबाद : मखदुमपुर प्रखंड की डकरा पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लेने के साथ आमजनों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की विभागवार समीक्षा की। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदन केवल दर्ज नहीं किए जाएं, बल्कि प्रत्येक मामले का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित हो।
डीएम ने सभी आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर अपलोड करने और निष्पादन के बाद अनुपालन प्रतिवेदन भी पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया। आवास योजना से जुड़े आवेदनों की नियमानुसार जांच कर पात्र लाभुकों के मामलों को ग्राम सभा से पारित कराने को कहा। जॉब कार्ड के आवेदनों की जांच कर पात्र लोगों को तत्काल कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
शिविर में डकरा गांव की मधु देवी और राधा कुमारी को डीएम ने जॉब कार्ड प्रदान किया। उन्होंने पात्र परिवारों को मनरेगा से जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
विद्युत विभाग के स्टॉल पर शिकायतों की जानकारी लेते हुए डीएम ने प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन करने को कहा। स्वास्थ्य स्टॉल पर एनीमिया जांच की समीक्षा करते हुए महिलाओं और किशोरियों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा गया। कृषि विभाग के स्टॉल पर Farmer ID और डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा कर लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जो मामले मौके पर हल हो सकते हैं, उनका ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।