"ऐतिहासिक गांधी मैदान में हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया 80वें स्वतंत्रता दिवस"
सीवान, 15 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज सीवान के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण एवं उत्सवी वातावरण में किया गया। इस अवसर पर माननीय मंत्री, पर्यटन विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, सीवान जिला श्री केदार प्रसाद गुप्ता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान को दुल्हन की तरह सजाया गया था। जिला के वरीय पदाधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं आमजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति से पूरा गांधी मैदान देशभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरांत माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया गया तथा जवानों ने उन्हें सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह को आगे बढ़ाया गया।
अपने संबोधन में माननीय प्रभारी मंत्री महोदय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बिहार सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी आमजनों को दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, परिवहन, कल्याण, खेलकूद, पर्यटन सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
माननीय मंत्री महोदय ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों तथा उनके निष्पादन के संबंध में भी उन्होंने विशेष रूप से जानकारी दी। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक हों तथा पात्रता के अनुसार उनका लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने आमलोगों से जागरूकता के साथ आगे आने एवं सरकार की उपयोगी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
माननीय प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार आमजन के कल्याण एवं विकास के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आमजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार सदैव जनता के प्रति संवेदनशील रहेगी तथा विकास एवं जनकल्याण के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
जिला के वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी श्री मुंशी सिंह को माननीय मंत्री महोदय द्वारा शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धि हासिल करने वाले पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उप विकास आयुक्त, सीवान; लोक शिकायत के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अपर समाहर्ता, सीवान; पंचायती राज के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री बालेंद्र नारायण पांडेय; अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री उपेंद्र कुमार यादव तथा अनुमंडल पदाधिकारी, सीवान सदर श्री आशुतोष कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में सीवान के मैरवा निवासी पर्वतारोही श्री अवध मनी को भी उनकी उपलब्धि के लिए माननीय मंत्री महोदय द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में भूमिहीन परिवारों के बीच पर्चा का वितरण भी माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा किया गया। पर्चा प्राप्त करने वाले परिवारों में खुशी का माहौल देखा गया तथा लाभुकों द्वारा बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जिले में सर्वाधिक कर (टैक्स) भुगतान करने वाले तीन व्यवसायियों को भी भामा शाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा 2026 में जिले में सर्वोत्तम अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला पदाधिकारी सिवान, पुलिस अधीक्षक सीवान सहित वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
अंत में बिहार गीत के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमापूर्ण सम्पन्न हुआ।
प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी
सिवान।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#siwan
#independencedaycelebration
#IndependenceDay
8 views | Siwan, Bihar | Aug 15, 2026