स्कूल पहुंच मार्ग की बदहाली पर सड़कों पर उतरे नौनिहाल, बारिश में सड़कों पर साइकिलें खड़ी कर तख्तियां लेकर किया चकाजाम
दमोह। हटा विकासखंड के ग्राम मझगुआ पतोल में शनिवार को स्कूल पहुंच मार्ग की बदहाली से परेशान छात्र-छात्राओं ने बरसते पानी में प्रदर्शन किया। शासकीय हाई स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर उतर आए और साइकिलें रखकर चकाजाम कर दिया। प्रदर्शन में छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। स्कूली ड्रेस में बारिश के बीच प्रदर्शन करते बच्चों को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
छात्रों का कहना था कि स्कूल तक पहुंचने वाला मार्ग पक्का नहीं होने से बारिश में रास्ते पर कीचड़ हो जाता है। इससे पैदल चलने के साथ साइकिल से स्कूल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार उन्हें परेशानी के बीच स्कूल जाना पड़ता है।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाया
चकाजाम की सूचना मिलने पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट उमेश तिवारी और पटवारी सुधीर राज मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और बच्चों के साथ स्कूल तक पहुंचकर मार्ग की समस्या देखी। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद बच्चों ने प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात सुचारू हो गया।
Damoh, Damoh | Aug 22, 2026