विकास आयुक्त, बिहार ने OBEBO Clothing का किया भ्रमण
11 करोड़ रुपये के निवेश से संचालित इकाई में 350 से अधिक लोगों को रोजगार, 400 नए रोजगार सृजन की तैयारी
पूर्वी चंपारण, 11 सितंबर 2026
श्री मिहिर कुमार सिंह,विकास आयुक्त, बिहार द्वारा आज पूर्वी चंपारण जिले में संचालित OBEBO Clothing इकाई का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण भी उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान विकास आयुक्त महोदय एवं जिलाधिकारी महोदय ने इकाई की उत्पादन गतिविधियों, आधारभूत संरचना, रोजगार सृजन एवं विस्तार की संभावनाओं की जानकारी ली तथा इकाई के संचालक श्री आदर्श कुमार से विस्तृत संवाद किया।
इकाई के संचालक द्वारा बताया गया कि OBEBO Clothing में लगभग ₹11 करोड़ का निवेश किया गया है तथा वर्तमान में 350 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। इकाई में 250 से अधिक सिलाई मशीनें तथा 2 एम्ब्रॉयडरी मशीनें स्थापित हैं। इसके अतिरिक्त इकाई में प्रतिदिन लगभग 1,000 पीस की वॉशिंग क्षमता तथा 3,000 पीस प्रतिदिन की प्रिंटिंग क्षमता उपलब्ध है।
विभिन्न प्रकार के परिधानों का निर्माण
इकाई में विभिन्न प्रकार के परिधानों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें टी-शर्ट, शर्ट, जींस, पोलो टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा, लेडीज कुर्ती, लोअर सहित अन्य परिधान शामिल हैं।
इकाई द्वारा अपने स्वयं के दो ब्रांड—JimJack एवं Nushkara—का भी संचालन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त इकाई द्वारा विभिन्न ब्रांड्स के लिए Job Work भी किया जाता है।
400 नए रोजगार सृजन की तैयारी
इकाई के संचालक द्वारा बताया गया कि बढ़ते ऑर्डर एवं उत्पादन की आवश्यकता को देखते हुए सोमवार से लगभग 400 नए कर्मचारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। वर्तमान में इकाई को लगभग 1.5 लाख परिधानों की मासिक आपूर्ति का ऑर्डर प्राप्त है।
विकास आयुक्त महोदय ने इकाई की उत्पादन क्षमता एवं रोजगार सृजन की पहल की सराहना करते हुए जिले में वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का अधिकतम उपयोग करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी औद्योगिक इकाइयां स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले के औद्योगिक विकास को भी गति प्रदान करती हैं।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि पूर्वी चंपारण में औद्योगिक एवं उद्यमिता गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन करने वाली इकाइयों को प्रोत्साहित करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (DIC), जिला योजना पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक, ढाका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Industries Department, Bihar
11 views | East Champaran, Bihar | Sep 11, 2026