जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय भिटौना व जूनियर हाईस्कूल का किया औचक निरीक्षण
शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का लिया जायजा, बच्चों से किया संवाद
कासगंज, 07 सितंबर। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सोमवार को प्राथमिक विद्यालय भिटौना एवं जूनियर हाईस्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, स्वच्छता व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा सभी शिक्षक उपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया और शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने प्रत्येक बच्चे की शैक्षणिक प्रगति पर व्यक्तिगत ध्यान देने पर जोर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था और गुणवत्ता का निरीक्षण किया। भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार पाया गया। जिलाधिकारी ने बच्चों से सीधे संवाद कर भोजन की गुणवत्ता तथा प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन मिलने की जानकारी ली। बच्चों ने मध्यान्ह भोजन के संबंध में उन्हें जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को निर्देशित किया कि विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। विद्यालय स्तर पर इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर शिक्षा देने के साथ उनकी नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा की जाए, ताकि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके।
Kasganj, Kasganj | Sep 7, 2026