धनतेरस पर कासगंज जनपद में बरसा धन, बाजारों में करोड़ों का कारोबार
सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और नए कपड़ों तक जमकर हुई खरीदारी, देर रात तक बाजारों में उमड़ी ग्राहकों की भीड़
कासगंज। धनतेरस के पावन पर्व पर शुक्रवार को कासगंज जनपद के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। सोने-चांदी के आभूषणों, चांदी के सिक्कों, बर्तनों, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नए कपड़ों की दुकानों पर विशेष रौनक देखने को मिली। धनतेरस के अवसर पर जनपद में करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
कासगंज, तीर्थ नगरी सोरों, सहावर, अमांपुर, गंजडुंडवारा, पटियाली, बिलराम सहित जनपद के विभिन्न कस्बों और प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया था। लोगों ने अपनी सामर्थ्य और परंपराओं के अनुसार शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, पीतल, तांबे और स्टील के बर्तन नए वाहन दो पहिया, चार पहिया खरीदे। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रही। इसके अलावा दीपावली के लिए नए कपड़े, सजावटी सामान, मिठाइयां और पूजन सामग्री की भी जमकर खरीदारी की गई।
सर्राफा और बर्तन बाजार में रही विशेष रौनक
धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते सर्राफा बाजारों में विशेष चहल-पहल रही। ग्राहकों ने सोने के आभूषणों के साथ चांदी के सिक्के और अन्य वस्तुओं की खरीदारी की। वहीं बर्तन की दुकानों पर भी सुबह से देर रात तक ग्राहकों का तांता लगा रहा। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था।
घर-घर हुई भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना
धनतेरस के अवसर पर लोगों ने अपने घरों में भगवान धन्वंतरि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना करते हुए परिवारों ने दीप प्रज्ज्वलित किए। मान्यता के अनुसार धनतेरस पर खरीदारी और भगवान धन्वंतरि की पूजा का विशेष महत्व है। इसी के साथ पांच दिवसीय दीपावली पंच महोत्सव का भी शुभारंभ हो गया। घरों और प्रतिष्ठानों में दीपावली की तैयारियां तेज हो गई हैं।
बाजारों में पुलिस की रही चाक-चौबंद व्यवस्था
धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिसकर्मियों ने बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा यातायात और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कीं।
कुल मिलाकर धनतेरस के पर्व पर पूरे जनपद में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। देर रात तक बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही और दुकानदारों के चेहरों पर भी अच्छी बिक्री से खुशी दिखाई दी। धनतेरस के साथ ही दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव की रौनक जनपद भर में छा गई।