एक लाख दीपों से जगमगाया प्रभु पार्क, दीपोत्सव में गूंजे जय श्रीराम और भारत माता के जयघोष
आरएसएस के सामाजिक समरसता गतिविधि के तत्वावधान में हुआ भव्य आयोजन, भारत माता की आरती और भजनों ने बांधा समां
कासगंज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), कासगंज नगर की सामाजिक समरसता गतिविधि के तत्वावधान में शनिवार को प्रभु पार्क में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपोत्सव के दौरान एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा प्रभु पार्क दीपों की अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान जय श्रीराम और भारत माता के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ एटा विभाग प्रचारक आशुतोष ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित स्वयंसेवकों और नगरवासियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया। भगवान श्रीराम के भक्ति भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं भारत माता की भव्य आरती में बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की।
एक साथ प्रज्वलित हुए एक लाख दीपों ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक एकता का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया। दीपोत्सव का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ना, आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना तथा भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जनजागरण करना रहा।
इस अवसर पर विभाग व्यवस्था प्रमुख अमलेन्दु शर्मा, जिला प्रचारक आर्येंद्र, नगर प्रचारक आकाश, नगर कार्यवाह अनिरुद्ध शर्मा, सह जिला कार्यवाह विनीत, जिला संघचालक दीपराज, बजरंग दल विभाग संयोजक अमरीश वशिष्ठ, वंश गौड़, सुनील, जमुना प्रसाद, भगवान दास, विवेक गुप्ता, राजीव पचौरी, मोहित, लखन प्रताप, अवनीश सक्सेना, नवीन सक्सेना, कुशाग्र डांगरा, शिवा सैनी, दीपक और पंकज वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, विभिन्न आनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता एवं नगरवासी मौजूद रहे।
समूचा प्रभु पार्क दीपों की रोशनी से आलोकित नजर आया। जय श्रीराम और भारत माता के जयघोष के बीच संपन्न हुआ यह दीपोत्सव सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रभक्ति का संदेश दे गया।