हरदोई में गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा, हरे चारे और आत्मनिर्भरता पर जोर
हरदोई। विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में निराश्रित गोवंश संरक्षण योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के स्थायी एवं अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण और निर्माणाधीन आश्रय स्थलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंश आश्रय स्थलों में संरक्षित पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल और समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश के संरक्षण और भरण-पोषण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में आश्रय स्थलों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सीडीओ ने निर्देश दिए कि आश्रय स्थलों से संबद्ध चारागाह की भूमि पर उत्तर प्रदेश चारा नीति के तहत हरे चारे की बुवाई कराई जाए। साथ ही संरक्षित गोवंश की संख्या और आवश्यकता के अनुसार चारे का आकलन कर उसकी नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
डीबीटी और सहभागिता योजना की भी हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान गोवंश आश्रय स्थलों की डीबीटी प्रगति और मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को किए जा रहे भुगतान की स्थिति की जानकारी ली गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गोवंश से प्राप्त उत्पादों के उपयोग पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने आश्रय स्थलों में कम्पोस्ट खाद, वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत, घनजीवामृत और गो-काष्ठ के उत्पादन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इन उत्पादों के अधिकतम उपयोग को प्रोत्साहित करने और आश्रय स्थलों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन आश्रय स्थलों को समय से पूरा करने के निर्देश
बैठक में निर्माणाधीन गोवंश आश्रय स्थलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का ध्यान रखते हुए उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से गोवंश आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करने, व्यवस्थाओं की निगरानी रखने और कमियां मिलने पर तत्काल सुधार कराने को कहा। बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 14, 2026