गांव मिताथल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 200 के करीब ग्रामीणों ने उठाया लाभ
भिवानी, 10 अक्तूबर : ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और हर नागरिक तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भिवानी के मलिक हॉस्पिटल के तत्वावधान में शनिवार को जिला के गांव मिताथल में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत के सक्रिय सहयोग से आयोजित इस शिविर में गांव के सैकड़ों लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाकर इस नेक पहल का पूरा लाभ उठाया। शिविर में मलिक हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में डॉक्टर विशाल, डॉक्टर सुनील, डॉक्टर संदीप मलिक, डॉक्टर रक्षिता मलिक गलिया, डॉक्टर सरिता मलिक गलिया, डॉक्टर जसवंत सिंह और डॉक्टर परगट सिंह शामिल रहे। इन सभी डॉक्टरों ने अपनी-अपनी विशेषज्ञता के अनुसार शिविर में पहुंचे मरीजों के स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की। शिविर के दौरान लगभग 200 से अधिक ग्रामीणों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा परामर्श के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। इस आयोजन में ग्राम पंचायत और स्थानीय गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान सरपंच प्रतिनिधि नरेश, रणवीर सिंह, महावीर उर्फ पोलू प्रधान, सुरेंद्र सिंह, मग्रा पहलवान, कालू, अजमेर, दिलबाग और आनंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में अपना योगदान दिया। इस स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए युवा शक्ति बदलाव की ओर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक सिवाच एवं समाजसेवी मास्टर पवन ने कहा कि यह सामूहिक प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक बेहद सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि जब चिकित्सक और सामाजिक संस्थाएं मिलकर गांवों की सुध लेते हैं, तो अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य लाभ पहुंचता है। आज के समय में इस प्रकार के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और समय पर बीमारियों की पहचान करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहेंगे, जिससे एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सकेगा।