भव्य रामलीला महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, श्रीरामलीला कमेटी पदाधिकारियों ने किया आयोजन स्थल का निरीक्षण
भिवानी में 11 अक्तूबर से सजेगा राम दरबार, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ रामलीला, पुतलों की सुरक्षा के लिए तैनात किए लंगूर : विजय बंसल टैणी
भिवानी, 10 अक्तूबर : धर्मनगरी भिवानी में श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी (रजि.) के तत्वावधान में इस वर्ष संपूर्ण रामलीला महोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन रेलवे रोड स्थित सेठ किरोड़ीमल पार्क में 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक प्रतिदिन रात्रि 7 बजे से आरंभ होगा। महोत्सव को लेकर कमेटी के पदाधिकारियों और शहरवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस संबंध में शनिवार को श्रीरामलीला कमेटी के प्रधान विजय बंसल टैणी और प्रवक्ता अभिषेक बंसल ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए। श्रीरामलीला कमेटी के प्रधान विजय बंसल टैणी और प्रवक्ता अभिषेक बंसल ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का मंचन पूर्ण रूप से आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने एक बेहद दिलचस्प और अनोखी जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस बार रावण के पुतलों की सुरक्षा के लिए एक विशेष प्रबंध किया गया है। आमतौर पर पुतलों की सुरक्षा के लिए केवल पुलिस बल तैनात रहता है, लेकिन इस बार गत वर्ष की घटनाओं से सीख लेते हुए, जहां बंदरों द्वारा पुतलों को नुकसान पहुंचाया गया था। ऐसे में रावण के पुतलों की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से लंगूर बंदरों को तैनात किया गया है। यह इस बार के आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण रहेगा। उन्होंने बताया कि इस 10 दिवसीय महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए संपूर्ण रामलीला का सजीव और मनमोहक मंचन करेंगे। इसके अलावा, बाहर से आए विशेष कलाकारों द्वारा कोल्ड आतिशबाजी का भव्य और दर्शनीय प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। महोत्सव के अंतिम चरण की रूपरेखा साझा करते हुए प्रधान विजय बंसल टैणी ने बताया कि आगामी 20 अक्तूबर को सायंकाल 5 बजे लंकापति रावण और अहिरावण वध की लीला का मंचन किया जाएगा। इसके उपरांत, 100-100 फीट ऊंचे विशालकाय रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का भव्य दहन किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 21 अक्तूबर को स्थानीय शिव नगर कॉलोनी स्थित सिंघानिया भवन में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ रामराज तिलक एवं भरत मिलाप कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरभर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ उठाएंगे।