एजेंसी के बाहर से नई ट्रॉली चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार
ट्रैक्टर से खींचकर ले गए थे ट्रॉली, 8 लाख का माल जब्त
मैहर। कोतवाली पुलिस ने हरनामपुर स्थित ट्रैक्टर एजेंसी के बाहर से नई ट्रॉली चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर की रात एजेंसी के बाहर रखी ट्रॉली चोरी होने की शिकायत पर केस दर्ज कर मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की गई। सुराग के आधार पर अमरपाटन क्षेत्र के ओबरा निवासी रवि कुशवाहा (19), जुड़मनिया निवासी पंकज कुशवाहा (24) और लालपुर निवासी विश्वनाथ केवट (22) को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी कबूल की और रामपथ मार्ग पर छिपाई ट्रॉली बरामद करा दी। वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर भी जब्त किया गया। ट्रॉली और ट्रैक्टर की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया।#मैहर #सतना #चोरी #पुलिस_कार्रवाई #ट्रॉली_चोरी CrimeNews