मोकामा नगर परिषद क्षेत्र के शाहबेगपुर स्थित नगर परिषद पार्क में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली विभाग की टीम नियमानुसार बिजली मीटर लगाने पहुंची। पार्क में तैनात गार्ड (गार्डन कर्मी) ने अधिकारियों का विरोध करते हुए उनके साथ हाथापाई और बदतमीजी शुरू कर दी। घटना के समय मौके पर मौजूद बिजली विभाग के कर्मी तरुण कुमार ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत इसकी जानकारी अपने एसडीओ अभियंता सुरेंद्र चौधरी को दी और स्थानीय मोकामा थाना को सूचित किया।
सूचना मिलते ही मोकामा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बिना किसी देरी के घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाथीदह बिजली विभाग के एसडीओ ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि उक्त पार्क के पास केवल एक कंज्यूमर नंबर था, जिसके आधार पर साधारण बल्ब और रोशनी के लिए सीमित बिजली की आपूर्ति की जा रही थी। विभाग के नियमानुसार वहाँ मीटर लगाया जाना अनिवार्य था। लेकिन जाँच में पाया गया कि पार्क में तय सीमा से कहीं ज्यादा लोड का अवैध इस्तेमाल हो रहा था। कंज्यूमर नंबर की आड़ में पार्क के अंदर भारी-भरकम ग्राइंडर मशीन, कटर और अन्य उच्च क्षमता वाले उपकरणों का धड़ल्ले से संचालन किया जा रहा था, जिससे बड़े पैमाने पर बिजली की खपत और राजस्व की चोरी हो रही थी।
विभाग पर हमला और अवैध रूप से भारी उपकरणों के संचालन को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत बड़ी कार्रवाई की। बिजली विभाग ने पार्क का बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिया है।
अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी है कि नगर परिषद प्रशासन जल्द से जल्द नियमानुसार मीटर लगवाए। यदि बिना मीटर के दोबारा बिजली का उपयोग किया गया या तय नियमों का उल्लंघन हुआ, तो भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ संबंधित लोगों पर कड़ी कानूनी व प्राथमिकी दर्ज करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
#Mokama #AnilSingh
Mokameh, Patna | Sep 15, 2026