पुरानी रंजिश में घर में घुसकर युवक पर हमला, धारदार हथियार से वार, एम्स रेफर
नौबतपुर। थाना क्षेत्र के बालाठाकुर गांव में मंगलवार को पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट के दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। जख्मी युवक की पहचान बालाठाकुर गांव निवासी अखिलेश यादव के 25 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार को जितेंद्र अपने घर में अकेला था। इसी दौरान गांव के ही अवधेश यादव, रितुराज समेत कुछ लोग उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही सभी लोग जितेंद्र के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई। इसी दौरान धारदार हथियार से भी हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जितेंद्र के जख्मी होने की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए तत्काल नौबतपुर रेफरल अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर एम्स पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद और रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश को लेकर मंगलवार को मारपीट की घटना हुई। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और विवाद की शुरुआत को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घटना के बाद बालाठाकुर गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है।आगे की कार्रवाई जारी है।
#नौबतपुर #patna
Mokameh, Patna | Sep 15, 2026