नगर पालिका क्षैत्र में 211 करोड़ के विकास कार्यों से सुदृढ़ हुआ ढांचा: ऊर्जा मंत्री नागर
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सांगोद नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में किया धुआंधार जनसंपर्क
सांगोद, 6 सितंबर।
राजस्थान सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने सांगोद नगर पालिका चुनाव के तहत भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में तूफानी जनसंपर्क किया। उन्होंने लक्ष्मीपुरा, बैसार और जोगड़ा गांव सहित सांगोद नगर के कई प्रमुख इलाकों में घर-घर जाकर आमजन से संवाद साधा और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। ऊर्जा मंत्री के इस जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम जनता में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया।
जनसंपर्क के दौरान ऊर्जा मंत्री नागर ने सांगोद नगर पालिका क्षेत्र के किराड़ धर्मशाला से अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद वे गांधी चौराहा, कोड़ियों का चौक, वार्ड नंबर 19, वार्ड नंबर 20 तथा ताखाजी का चबूतरा पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से रूबरू होते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की विकासपरक नीतियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सांगोद नगर पालिका क्षेत्र में ढाई साल में ही 211 करोड़ के अभूतपूर्व काम हुए हैं। सांगोद के सर्वांगीण विकास, सुदृढ़ बुनियादी ढांचे और पारदर्शी शासन के लिए नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनना अत्यंत आवश्यक है। ट्रिपल इंजन की सरकार से ही क्षेत्र में विकास की रफ्तार को दोगुनी गति दी जा सकती है।
इसके पश्चात ऊर्जा मंत्री ने सांगोद नगर के वार्ड नंबर 9 में स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्धजनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। तत्पश्चात उन्होंने चुनाव कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के दौरान उन्होंने चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूती से डटने का आह्वान किया। नागर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाए और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराए।
इस अवसर पर स्थानीय भाजपा नेता, पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न वार्डों के प्रत्याशी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Sangod, Kota | Sep 6, 2026