कोटा में अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर प्रसाशनिक स्तर पर शुरू हुई तैयारियां
अधिकारियों ने समिति पदाधिकारियों के साथ करीब 3.5 किलोमीटर लंबे शोभायात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया।
शाम 5 बजे सूरजपोल गेट से शुरू हुआ निरीक्षण मोखापाड़ा, कैथूनीपोल थाना, इंद्रा बाजार, सब्जी मंडी, रामपुरा बाजार होते हुए बारादरी तक पहुंचा। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं और संभावित सुरक्षा चुनौतियों का जायजा लिया।
जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने सडक़ के गड्ढे भरने, खुले नालों को ढकने, नीचे झूल रहे विद्युत तारों को कसने और केबल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। मार्ग में पड़े मलबे व निर्माण सामग्री को हटाने तथा गलियों में पर्याप्त लाइटिंग, सफाई और अवरोध दूर करने को कहा। जर्जर भवनों को चिन्हित कर बैरिकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए।
समिति ने बताई मार्ग की खामियां
पैदल निरीक्षण के दौरान समिति पदाधिकारियों ने जर्जर भवनों, लटकते तारों, गड्ढों, ऊंची-नीची सडक़, खुले नालों पर ढक्कनों की कमी और सडक़ पर पड़ी निर्माण सामग्री की ओर अधिकारियों का ध्यान दिलाया। समिति ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए छोटी कमी भी हादसे का कारण बन सकती है। अधिकारियों और समिति के बीच सुरक्षा, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई।
निरीक्षण में समिति प्रभारी सुमेर सिंह, सह प्रभारी रौनक आनंद, राजीव भारती अग्रवाल, जटाशंकर शर्मा, दीपक गुप्ता, योगेश रेनवाल, रामचरण लोधा, गोविन्द नारायण अग्रवाल, अनिल तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से एसपी तेजस्विनी गौतम, एडीएम सिटी विनोद कुमार मल्होत्रा, एडीएम प्रशासन राजेश जोशी, निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा व अन्य अधिकारी शामिल रहे।
Sangod, Kota | Sep 5, 2026