राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, लक्ष्य पूरा न करने पर होगी कार्रवाई
हरदोई, 19 जून। स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने धीमी प्रगति वाले विभागों को राजस्व वसूली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jun 19, 2026