बाढ़ से पहले पूर्ण हों कटाव निरोधक कार्य, गुणवत्ता से न हो समझौता : जिलाधिकारी
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने शनिवार को तहसील सवायजपुर क्षेत्र के ग्राम जनियामऊ में गर्रा नदी के दाहिने किनारे पर चल रहे कटाव निरोधक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में सभी कार्य पूर्ण करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ से पूर्व सभी कटाव निरोधक कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों का निरीक्षण करने और प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से संवाद करते हुए बताया कि कटाव निरोधक कार्यों के पूरा होने से गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे बाढ़ के दौरान होने वाले कटाव पर नियंत्रण होगा तथा किसानों की बहुमूल्य फसलें एवं संपत्तियां सुरक्षित रह सकेंगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से योजना की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने पर जोर दिया।
Bilgram, Hardoi | Jun 20, 2026