जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जन समस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
हरदोई। तहसील सवायजपुर में शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने लेखपालों को निर्देशित किया कि भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के सहयोग से सरकारी एवं गरीबों की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए।
विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब ट्रांसफार्मरों एवं जर्जर विद्युत लाइनों को शीघ्र बदलवाने के निर्देश दिए। वहीं निराश्रित, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों की पेंशन किसी कारणवश बंद हो गई है, उनका सत्यापन कराकर पुनः बहाल कराया जाए।
राशन वितरण संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था में लापरवाही या अनियमितता बरतने वाले कोटेदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर समाज कल्याण, पूर्ति, प्रोबेशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सभी थानाध्यक्षों को नियमित गश्त करने, बीट सिपाहियों एवं चौकीदारों से प्रतिदिन क्षेत्र की जानकारी लेने तथा अवैध कब्जों को हटाने में राजस्व टीम का सहयोग करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक जेबी शैडे, उपजिलाधिकारी सवायजपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भावनाथ पाण्डे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jun 20, 2026