#हरदोई
घर में घुसा 'मौत का मेहमान'! कोबरा दिखते ही मची चीख-पुकार, परिवार ने छोड़ा घर, गांव में हड़कंप
जनपद के #मल्लावां थाना क्षेत्र के #नेवादा_परस गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर के अंदर अचानक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। कोबरा को देखते ही परिवार के लोगों में दहशत फैल गई और सभी सदस्य अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर निकल आए। देखते ही देखते पूरे गांव में खबर फैल गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डॉयल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। पुलिस की मौजूदगी में क्षेत्रीय वन विभाग के बीट इंचार्ज मनीष कनौजिया को भी घटना की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार कोबरा घर के किसी हिस्से में छिपा हुआ है, जिससे परिवार के लोग बेहद डरे हुए हैं। वन विभाग की रेस्क्यू टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। गांव में कोबरा को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग लगातार मौके पर जुट रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और ग्रामीणों की निगरानी में क्षेत्र को सुरक्षित रखा गया है। रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद ही कोबरा को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Bilgram, Hardoi | Jun 21, 2026