अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्टेडियम में हुआ भव्य सामूहिक योगाभ्यास, मंत्री नितिन अग्रवाल ने किया शुभारंभ
हरदोई। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के आबकारी स्वतंत्र प्रभार मंत्री नितिन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है और स्वस्थ भारत, सशक्त भारत तथा विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। मंत्री ने युवाओं से विशेष रूप से योग को अपनाने और नशामुक्त, अनुशासित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्लोगन प्रतियोगिता की विजेता अनु, चाट मेकिंग प्रतियोगिता की विजेता पल्लवी सहित योगासन एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा जनपद यूथ आइकन को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की तथा सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (राजस्व) दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jun 21, 2026