गंदा पानी पीने से हो रहे बीमार!! रूद्रप्रयाग में प्रशासन हुआ चौक्कना!! जल संस्थान विभाग को साफ निर्देश!!
पेयजल की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम विशाल!!
स्कूल, अस्पताल और सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश।।
रुद्रप्रयाग जनपद में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल की गुणवत्ता के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों, चिकित्सालयों, पुलिस चौकियों समेत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जहां भी दूषित या गुणवत्ताहीन पेयजल को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल से संबंधित किसी भी शिकायत की सूचना तत्काल जल संस्थान को दी जाए, ताकि संबंधित क्षेत्र में पानी के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा सके। उन्होंने कहा कि सैंपलिंग के दौरान यदि पानी की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो उसके कारणों की जांच कर नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच कराने तथा जांच रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।