692 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’!! 25 सितंबर से शुरू होगा अभियान!!
तीनों विकासखंडों में 7 अक्टूबर तक चलेंगे कार्यक्रम, योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ!!
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के तीनों विकासखंडों के सभी 692 आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और कार्यक्रम का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा ने कार्यक्रम की रूपरेखा और पोषण माह के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में संचालित सभी 692 आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाएगा। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
योजनाओं का लाभ दिलाने पर रहेगा जोर
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में महालक्ष्मी किट, बाल पोषण एवं महिला पोषण, मेरी सहेली सेनेटरी नैपकिन, नंदा गौरा योजना और अनुपूरक पोषाहार सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्रता और आवेदन प्रक्रिया से भी लाभार्थियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के दौरान ईसीसीई किट के माध्यम से नव चेतना एवं आधारशिला पाठ्यक्रम के क्रियान्वयन की प्रस्तुति भी दी जाएगी। बच्चों की ओर से रंग, आकार और गंध की पहचान, बाल गीत सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया जाएगा सम्मानित
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं विभाग की रीढ़ हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी वे बच्चों, महिलाओं और अन्य लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट योगदान के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश में 20 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर लाभार्थियों से संवाद, उनके अनुभव साझा करने और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के योगदान को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोषण माह और ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम को आपसी समन्वय के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। लाभार्थियों के अनुभवों और योजनाओं से आए बदलावों को सामने लाते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, उपाध्यक्ष रोशनी रोथाण, जिला मंत्री निर्मला बहुगुणा, मंडल अध्यक्ष माहेश्वरी नेगी व मंजू धिर्वाण, मंडल महामंत्री बबीता रमोला व कंचन देवी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, बाल विकास परियोजना अधिकारी शैली प्रजापति, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।