तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में चला स्वच्छता अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत!! जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और महिला समूहों ने की सफाई, श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील!!
रुद्रप्रयाग। प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम एवं पैदल मार्ग पर सोमवार को विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान धाम और पैदल मार्ग के आसपास सफाई कर कूड़ा एकत्र किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान से पूर्व विधायक आशा नौटियाल ने तुंगनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाबा तुंगनाथ से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों, महिला समूहों की सदस्यों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि तुंगनाथ धाम आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। धाम की पवित्रता और पर्यावरण को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी धाम एवं पैदल मार्ग पर कूड़ा न फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
स्वच्छता अभियान में शामिल श्रद्धालुओं ने भी पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर इस प्रकार के अभियान स्वच्छ वातावरण के साथ समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं।