सीतापुर में जाम से श्रद्धालु और स्थानीय लोग बेहाल, पार्किंग-बाईपास मार्ग पर बेतरतीब खड़े वाहनों से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, जटा शंकर चौक पर पुलिस तैनाती की उठी मांग!!
केदारनाथ धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव सीतापुर में यातायात व्यवस्था इन दिनों बदहाल नजर आ रही है। सीतापुर पार्किंग और बाईपास मार्ग पर सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीतापुर के जटा शंकर चौक पर वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है, लेकिन यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की नियमित तैनाती नहीं होने से स्थिति बिगड़ रही है। वाहन चालक सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क का अधिकांश हिस्सा घिर जाता है और दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगती है। देखते ही देखते जाम लग जाता है और यात्रियों को पार्किंग तथा बाईपास मार्ग तक पहुंचने में दिक्कत होती है।