तुंगनाथ घटना अपडेट -
400 मीटर गहरी खाई से महिला का शव बरामद, तुंगनाथ ट्रेक पर हादसा, तीन किलोमीटर तक स्ट्रेचर से पैदल शव लेकर चोपता पहुंची एसडीआरएफ टीम,
मृतका की पहचान पूजा साहनी (26), निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार तुंगनाथ की यात्रा पर आई 26 वर्षीय महिला यात्री की खाई में गिरने से मौत हो गई। सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर रावण शीला के नीचे करीब 400 मीटर गहरी खाई में सर्च अभियान चलाकर महिला का शव बरामद किया। शव को खाई से बाहर निकालने के बाद एसडीआरएफ जवानों ने करीब तीन किलोमीटर तक बेहद दुर्गम पैदल मार्ग पर स्ट्रेचर के सहारे शव को चोपता पहुंचाया। यहां आवश्यक कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका की पहचान पूजा साहनी (26), निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार 20 सितंबर को जिला आपदा नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से सूचना मिली थी कि चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर एक महिला यात्री खाई में गिरने के बाद लापता हो गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से अपर उप निरीक्षक प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ टीम ने रात में तुंगनाथ मंदिर के समीप आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। टीम ने संभावित स्थानों पर महिला की तलाश की, लेकिन अंधेरा अधिक होने और क्षेत्र में खाई बेहद गहरी व भूभाग दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू अभियान को रात में आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया। सुरक्षा को देखते हुए रात में अभियान रोक दिया गया और सुबह दोबारा सर्च शुरू करने का निर्णय लिया गया।
सोमवार 21 सितंबर की सुबह करीब 7:10 बजे एसडीआरएफ टीम ने पुनः सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने रावण शीला से नीचे की ओर खाई वाले क्षेत्र में सघन सर्चिंग की। काफी प्रयास के बाद टीम को करीब 400 मीटर गहरी खाई में महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद जवानों ने जोखिम उठाते हुए खाई में उतरकर शव को सुरक्षित बाहर निकाला।
शव को खाई से बाहर निकालना भी टीम के लिए बड़ी चुनौती रहा। दुर्गम पहाड़ी भूभाग और कठिन पैदल मार्ग के बीच जवानों ने शव को स्ट्रेचर पर रखा और करीब तीन किलोमीटर तक पैदल चलते हुए चोपता पहुंचाया। इसके बाद शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।
एसडीआरएफ के अनुसार मृतका की पहचान पूजा साहनी, उम्र 26 वर्ष, निवासी पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Rudraprayag, Rudraprayag | Sep 21, 2026