जमीन की पैमाइश को पहुंची राजस्व टीम, कीचड़ और असुविधा के चलते कार्रवाई अधूरी
संतकबीरनगर। धनघटा तहसील क्षेत्र के लखनापार गांव में जमीन की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम को मौके पर असुविधाओं के कारण बिना पैमाइश पूरी किए वापस लौटना पड़ा। बताया गया कि पूर्व में राजस्व टीम द्वारा धारा 24 के तहत जमीन की पैमाइश की गई थी, जिस पर नवीन पाल ने जिलाधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी धनघटा ने दोबारा पैमाइश कराने के लिए टीम गठित की। नायब तहसीलदार धनघटा की अध्यक्षता में गठित टीम में राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को शामिल किया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए महुली पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।
राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर एसडीएम के निर्देशानुसार पैमाइश शुरू की, लेकिन जमीन के कई हिस्सों में कीचड़ और अन्य असुविधाओं के चलते पूरी पैमाइश नहीं हो सकी। इसके बाद टीम ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर जल्द ही मामले का समाधान करने पर सहमति जताई।
वहीं नवीन पाल का आरोप है कि विपक्षी लंबे समय से उनकी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करने के साथ परिवार को धमकी देते रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष पैमाइश कराकर मामले का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Aug 27, 2026