जन्मदिन पर वृद्धाश्रम पहुंचे बनर्जी लाल अग्रहरि और पुत्री प्रियांशी, बुजुर्गों के बीच बांटी खुशियां
संतकबीरनगर। जन्मदिन मनाने का एक अनूठा और प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला, जहां बनर्जी लाल अग्रहरि और उनकी पुत्री प्रियांशी अग्रहरि एडवोकेट ने होटल और रेस्टोरेंट में पार्टी करने के बजाय वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच अपना जन्मदिन मनाया।
इस दौरान पिता-पुत्री ने वृद्धाश्रम में रह रहे 55 बुजुर्गों को अंगवस्त्र और कपड़े भेंट किए। मिठाइयां वितरित करने के साथ आर्थिक सहायता प्रदान की और अपने हाथों से सभी बुजुर्गों को भोजन कराया।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। वहीं विदाई के समय माहौल और भी खुशनुमा हो गया, जब वृद्धाश्रम की महिलाएं प्रियांशी अग्रहरि के साथ खुशी से झूम उठीं। यह आत्मीय पल सभी के लिए यादगार बन गया।
बनर्जी लाल अग्रहरि और प्रियांशी अग्रहरि की इस सराहनीय पहल ने संदेश दिया कि जन्मदिन की असली खुशी भव्य पार्टियों में नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करने में है।