बड़ी खबर: चीरबासा में पहाड़ी से गिरा भारी बोल्डर, यात्री की मौके पर मौत!! केदारनाथ पैदल मार्ग पर अचानक बरपा पहाड़ का कहर, लगातार गिर रहे पत्थरों से दहशत, रेस्क्यू टीमें मौके पर!!
केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग पर रविवार को चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ से अचानक भारी बोल्डर गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बोल्डर की चपेट में आने से स्थानीय यात्री मोहन तिवारी (उम्र उपलब्ध नहीं) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पैदल मार्ग पर हड़कंप मच गया। संवेदनशील क्षेत्र में लगातार पत्थर गिरने से राहत एवं बचाव कार्य में भी चुनौती बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार 13 सितंबर को सुबह करीब 10:56 बजे चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना YMF जवान मुकेश ने दी। इसके बाद कोतवाली सोनप्रयाग से प्राप्त आरटी संदेश में हादसे की पुष्टि की गई। मृतक की पहचान मोहन तिवारी पुत्र जयनारायण तिवारी, निवासी ग्राम पठाली, थाना एवं तहसील ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही DDRF और YMF की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण घटनास्थल पर खतरा बना हुआ है। रेस्क्यू टीम द्वारा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मृतक के शव को सुरक्षित तरीके से गौरीकुंड लाने की कार्रवाई की जा रही है।