पृथ्वीपुर के उप स्वास्थ्य केंद्रों का CMHO ने किया औचक निरीक्षण, तीन स्वास्थ्य कर्मचारियों को नोटिस
--
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनिल झमनानी द्वारा आज विकासखंड पृथ्वीपुर अंतर्गत विभिन्न उप स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बिना पूर्व सूचना एवं अनुमति के कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए तीन स्वास्थ्य कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र नेगुवां में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) श्री राजवीर सिंह परिहार कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार उप स्वास्थ्य केंद्र पपावनी में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) श्रीमती सृष्टि मिश्रा एवं ए.एन.एम. श्रीमती ज्योति रजक भी बिना पूर्व सूचना एवं अनुमति के अनुपस्थित मिलीं।
मौके पर अनुपस्थित कर्मचारियों की ओर से अवकाश अथवा कार्यस्थल से अनुपस्थिति की अनुमति संबंधी कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया और न ही अनुपस्थिति के संबंध में संतोषजनक जानकारी दी जा सकी। इसे स्वास्थ्य सेवाओं जैसे आवश्यक एवं संवेदनशील कार्य के प्रति कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं उदासीनता मानते हुए CMHO द्वारा संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
संबंधित कर्मचारियों को 03 दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
CMHO डॉ. अनिल झमनानी ने स्वास्थ्य संस्थाओं में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, समयबद्ध सेवाओं और आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे आमजन के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी हैं, इसलिए कार्यस्थल पर निर्धारित समय में उपस्थित रहना प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मचारी का दायित्व है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया जाएगा।
निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के मानव संसाधन मैनुअल में निहित प्रावधानों के तहत नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #niwari
12 views | Niwari, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026