माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
--
निवाड़ी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड निवाड़ी द्वारा “माटी गणेश–सिद्ध गणेश” अभियान के अंतर्गत पर्यावरण एवं जल संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों को मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना एवं प्राकृतिक विसर्जन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. सुनील कटियार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। हमारी आस्था और परंपराओं के साथ प्रकृति की रक्षा करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में श्री किरण ववेल द्वारा मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। विकासखंड समन्वयक उमाशंकर उपाध्याय ने “घर-घर गणेश, हर घर गणेश, विराजे माटी गणेश” का संदेश देते हुए लोगों से पर्यावरण-अनुकूल गणेश उत्सव मनाने की अपील की।
महाविद्यालय के प्रोफेसर महेश अहिरवार ने मिट्टी से निर्मित प्राकृतिक गणेश प्रतिमा स्थापित करने के लिए लोगों को प्रेरित किया। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नसीम खांन ने प्लास्टर ऑफ पेरिस एवं रासायनिक रंगों से जल एवं पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सहभागियों ने मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएँ हाथों में लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा आगामी गणेश उत्सव को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नरेश दांगी, गजेंद्र सिंह बुंदेला, शानुल यादव, अंकित शर्मा, बिमलेश कुशवाहा, क्रांति कुशवाहा, अखलेश यादव सहित अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन मिथिलेश खरे द्वारा किया गया।
अंत में उपस्थित जनसमुदाय ने “माटी गणेश अपनाएँ–पर्यावरण बचाएँ” तथा “घर-घर गणेश, हर घर गणेश–विराजे माटी गणेश” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #पर्यावरणसंरक्षण
#माटी_के_गणेश #JansamparkMP
#niwari
1 views | Niwari, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026