गौवंश की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु यातायात पुलिस की अभिनव पहल
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ अमित वर्मा के मार्गदर्शन में धार्मिक नगरी ओरछा में यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं बेजुबान गौवंश की सुरक्षा के उद्देश्य से विशेष अभियान प्रारंभ किया गया।
अभियान के तहत यातायात प्रभारी नीरज शर्मा एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा रात्रि के समय में 100 से अधिक गायों को रेडियम रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाई गई। इन बेल्टों के माध्यम से अंधेरे में सड़क पर बैठी या विचरण कर रही गायें वाहन चालकों को दूर से ही दिखाई देंगी, जिससे चालक समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकेंगे और संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सकेगा।
इस अभियान में यातायात प्रभारी नीरज शर्मा के साथ आरक्षक अंकुर श्रीवास्तव, आरक्षक आकाश परिहार एवं आरक्षक सुनील निरंजन सहित यातायात पुलिस टीम द्वारा सक्रिय रूप से सहभागिता की गई।
अभियान के दौरान बेतवा नदी पुल, मंदिर चौराहा, यातायात चौकी, OCR मोड़,आजादपुरा एवं गणेश दरवाजा सहित उन प्रमुख स्थानों पर गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाई गई, जहां रात्रि के समय बड़ी संख्या में गायों के सड़क पर बैठने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बेजुबानों का विश्वास जीतकर पहनाई रेडियम बेल्ट
कुछ गायें स्वभावतः रेडियम बेल्ट पहनाने के दौरान घबरा जाती थीं और भागने अथवा विरोध करने लगती थीं। ऐसी स्थिति में यातायात पुलिस टीम द्वारा पहले रोटियां लाकर उन्हें प्रेमपूर्वक खिलाई गईं, उनके साथ कुछ समय बिताकर उन्हें सहज किया गया और हाथ फेरकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद बड़ी सावधानी एवं संवेदनशीलता के साथ उन्हें रेडियम रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाई गई। यह प्रयास दर्शाता है कि अभियान का उद्देश्य केवल दुर्घटनाओं को रोकना ही नहीं, बल्कि इन बेजुबान जीवों के प्रति संवेदना और जिम्मेदारी निभाना भी है।
पूरे निवाड़ी जिले में चलेगा अभियान
यह अभियान केवल ओरछा तक सीमित नहीं रहेगा। निवाड़ी जिले में जिन-जिन स्थानों पर सड़क के आसपास गौवंश के बैठने से दुर्घटना की संभावना रहती है, उन स्थानों को चिन्हित कर अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरे जिले में चलाया जाएगा। ऐसे सभी स्थानों पर मौजूद गौवंश को रेडियम रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाई जाएगी, ताकि रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़ाई जा सके और सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सके।
यह पहल मानव जीवन के साथ-साथ बेजुबान पशुओं के जीवन की सुरक्षा के लिए एक संवेदनशील एवं सराहनीय प्रयास है।
“सड़क पर सावधानी — इंसान और बेजुबान, दोनों की जिंदगी की सुरक्षा।”
यातायात पुलिस, निवाड़ी
सुरक्षित यातायात • सुरक्षित जीवन • सुरक्षित गौवंश
Home Department of Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #niwari
36 views | Niwari, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026