इंटरसेप्टर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक गंभीर घायल।
कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंती स्थित गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के समीप बुधवार को इंटरसेप्टर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार विद्युत विभाग के दो संविदा कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार यूपीसीएल कार्यालय पंती में कार्यरत अनिल रावत (37) पुत्र लखपत सिंह रावत, निवासी कोठियाल गांव, गोपेश्वर और लक्ष्मण पनखोली (42) पुत्र खीम सिंह, निवासी नैगवाड़ गोपेश्वर। लंच के बाद स्कूटी से कार्यालय की ओर जा रहे थे,इसी दौरान थराली की ओर से आ रहा इंटरसेप्टर वाहन अचानक विपरीत दिशा में चला गया और स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल पीएचसी नारायणबगड़ पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
नारायणबगड़ चौकी प्रभारी देवेंद्र भारती ने बताया कि दोनों घायल विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में इंटरसेप्टर वाहन चालक ने बताया कि उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में चला गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।