रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से सटे खेड़धार और विकास भवन क्षेत्र में गुलदार की लगातार चहल-कदमी से लोगों में दहशत का माहौल है।
गुलदार आबादी वाले क्षेत्रों में घूमने के साथ ही घरों के बेहद करीब तक पहुंच रहा है। उसकी गतिविधियां कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं। गुलदार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ समय से गुलदार लगातार क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। कभी वह आबादी के बीच तो कभी घरों के आसपास चहलकदमी करता नजर आ रहा है। इससे सुबह और शाम के समय लोगों को अकेले आवाजाही करने में डर लग रहा है। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।