सोनप्रयाग पुलिस ने चोरी के दो खच्चर किए बरामद, एक गिरफ्तार!!
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से नन्दप्रयाग से पकड़ा गया आरोपी, 4.5 लाख रुपये के खच्चर बरामद!!
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग क्षेत्र से चोरी हुए दो कीमती खच्चरों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को जनपद चमोली के नन्दप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
बरामद दोनों खच्चरों की अनुमानित कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई गई है। सोनप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय लोगों की आजीविका का प्रमुख साधन माने जाने वाले दो खच्चर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए थे। शिकायतकर्ता की तहरीर पर कोतवाली सोनप्रयाग में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अभियोग दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सोनप्रयाग और आसपास के यात्रा मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्ध मार्गों पर निगरानी बढ़ाई।
पुलिस की लगातार पतारसी और सुरागसी के बाद आरोपी की जानकारी सामने आई। पुलिस टीम ने 8 सितंबर 2026 की देर रात जनपद चमोली के नन्दप्रयाग क्षेत्र से मदन सिंह नेगी पुत्र स्व. नैन सिंह नेगी, निवासी ग्राम स्यारी बंगाली, पोस्ट बंगाली, थाना नन्दानगर, जनपद चमोली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दोनों खच्चर सुरक्षित बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हर्ष मोहन, अपर उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह नेगी, आरक्षी कुलदीप भारती और आरक्षी विपिन भण्डारी, सभी कोतवाली सोनप्रयाग शामिल रहे।