मुरादाबाद में टिकट दावेदार ने BJP मंडलाध्यक्षों को बांटीं बाइकें:* विधायक बनने पर स्कॉर्पियो का प्रॉमिस; यही करेंगे टिकट की सिफारिश
मुरादाबाद में ठाकुरद्वारा सीट से BJP के टिकट के दावेदारों में से एक भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे राजपाल चौहान और उनके बेटे अमित चौहान ने चार भाजपा मंडल अध्यक्षों को बाइकें गिफ्ट की हैं।
ये गाड़ियां दीपावली के दिन ठाकुरद्वारा में एक कार्यक्रम के दौरान बांटी गई हैं। मंडल अध्यक्षों को बाइकों की चाबियां सौंपते हुए जिलाध्यक्ष के बेटे अमित चौहान ने कहा कि ये तो कुछ भी नहीं है।
अगर मैं या मेरे पिताजी विधायक बनते हैं तो एक हफ्ते के अंदर चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक स्कार्पियो भी दूंगा।
उन्होंने बाकायदा इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया है। विधायक बनने पर स्कार्पियो देने का वादा भी किया है। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो 48 सेकेंड है। इसको लेकर बहस शुरू हो गई है।
अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में दीपावली पर मण्डल अध्यक्ष सम्मान समारोह हुआ था। जिसमें भाजपा के चार मंडल के अध्यक्ष शामिल हुए थे। ये कार्यक्रम मुरादाबाद के जिलाध्यक्ष रहे राजपाल चौहान की ओर से किया गया था।
इसमें भाजपा के चार मंडल के अध्यक्षों को बाइक की चाबियां सौंपी गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष रहे राजपाल चौहान के बेटे अमित चौहान भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा- ये तो कुछ भी नहीं है। अगर मैं या मेरे पिताजी विधायक बनते हैं तो एक हफ्ते के अंदर चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक स्कार्पियो भी दूंगा। इसका वीडियो भी सामने आया है।
अमित चौहान वीडियो में बोल रहे हैं- जैसे राम जी को सोने की लंका पंसद नहीं थी। उन्होंने उसे छोड़ दिया वैसे ही मुझे भी सिंगापुर पंसद नहीं था मैंने सिंगापुर छोड़ दिया। मैं अपनी विधानसभा के लिए कुछ करना चाहता हूं।
मेरी जन्मभूमि टापूवारा विधानसभा का धुलापुर गांव है। उस मिट्टी से मेरा हमेशा जुड़ाव रहेगा। मैं कसम खाते हुए कहता हूं अगर मैं या मेरे पिता विधायक बनते हैं तो विधानसभा में सबसे ज्यादा विकास कार्य कराएंगे।
साथ ही सबसे ज्यादा वोटों से जीत दर्ज कर विधानसभा को विकास के मामले में नंबर-1 बनाएंगे। अगर मैं या मेरे पिताजी विधायक बनते हैं तो एक हफ्ते के अंदर चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक स्कार्पियो भी दूंगा। इसका वीडियो भी सामने आया है।
अब राजपाल चौहान और उनके बेटे अमित चौहान के बारे में जानिए
राजपाल चौहान मुरादाबाद में भाजपा के जिलाध्यक्ष रह चुके है
राजपाल चौहान मुरादाबाद में भाजपा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वह दो बार ठाकुरद्वारा सीट से भाजपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं, लेकिन दोनों बार राजपाल चौहान को हार का सामना करना पड़ा था।
अब उनके बेटे अमित चौहान भी ठाकुरद्वारा सीट पर एक्टिव हैं। पिता राजपाल की कोशिश है कि पार्टी उन्हें या उनके बेटे को टिकट देकर ठाकुरद्वारा से प्रत्याशी बना दे। इसके लिए वह हर कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय नेताओं की मानें तो वे ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से टिकट पाने की रेस में भी शामिल है।